मन की बात में पीएम मोदी की अपील- सावधानी से मनाएं त्योहार, वोकल फॉर लोकल का संकल्प याद रखें
नई दिल्ली , एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश को संबोधित किया। मन की बात कार्यक्रम का यह 70वां संस्करण रहा। पीएम मोदी ने आज अपने संबोधन में देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से सावधानी से त्योहार मनाने की भी अपील की। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने का संकल्प लेने की अपील की। इस दौरान पीएम ने लोगों से देश के वीर जवानों के लिए घर में एक दीया जलाने की भी अपील की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के जरिए देश को संबोधन की शुरुआत दशहरे की शुभकामनाओं से की।पीएम मोदी ने आज अपने संबोधन में देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने सावधानी से त्योहार मनाने की बात कही।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज विजयादशमी यानि दशहरे का पर्व है। इस पावन अवसर पर आप सभी को पर्व की शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि दशहरा संकटों पर धैर्य की जीत का त्योहार है। आज आप सभी लोग संयम के साथ त्योहारों को मनाते हुए बड़े संयम के साथ रह रहे हैं। इसलिए कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में, हम लड़ रहे हैं, जीत निश्चित है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब हम त्योहार की बात करते हैं, तैयारी करते हैं, तो सबसे पहले मन में यही आता है कि बाजार कब जाना है? उन्होंने कहा कि इस बार जब आप खरीदारी करने जाएं तो वोकल फॉर लोकल का अपना संकल्प अवश्य याद रखें। बाजार से सामान खरीदते समय हमें स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देनी है। उन्होंने कहा कि आज जब हम लोकल के लिए वोकल हो रहे हैं तो दुनिया भी हमारे लोकल प्रोडक्टर की फैन हो रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लकडाउन में हमने समाज के उन साथियों को और करीब से जाना है जिनके बिना हमारा जीवन बहुत मुश्किल हो जाता। कठिन समय में ये आपके साथ थे, अब अपने पर्वों में अपनी खुशियों में भी हमें इनको साथ रखना है। पीएम मोदी ने लोगों से देश के वीर सैनिकों के लिए घर में एक दीया जलाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने वीर जवानों को याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमें अपने जांबाज सैनिकों को भी याद रखना है, जो इन त्योहारों में भी सीमाओं पर डटे हैं। भारत माता की सेवा और सुरक्षा कर रहे हैं। हमें घर में एक दीया, भारत माता के वीर बेटे-बेटियों के सम्मान में भी जलाना चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात के दौरान खादी को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि खादी की लोकप्रियता तो बढ़ ही रही है साथ ही दुनिया में कई जगह खादी बनाई भी जा रही है। मेक्सिको में एक जगह है ओहाका । इस इलाके में कई गांव ऐसे हैं जहां स्थानीय ग्रामीण खादी बुनने का काम करते हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि दिल्ली के खादी स्टोर में इस बार गांधी जयंती पर एक ही दिन में एक करोड़ रुपये से ज्यादा की खरीदारी हुई।