अगस्त्यमुनि। नगर पंचायत क्षेत्र में मंदाकिनी नदी पर बना स्नान घाट बदहाली बना है। स्नान पर घाट पर कई जगह टूट-फूट और आसपास फैली गंदगी से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घाट से जुड़े कमरों में भी सफाई व्यवस्था नहीं है। धार्मिक महत्व रखने वाले इस घाट की दुर्दशा से श्रद्धालुओं में नाराजगी है।
अगस्त्य मंदिर के मठाधीश योगेश बेंजवाल ने बताया कि प्रतिदिन भगवान अगस्त्य ऋषि के स्नान के लिए पहला जल मंदाकिनी नदी से इसी घाट के समीप से लाया जाता है। इस परंपरा के तहत पुजारी को नंगे पैर जल लेने पहुंचना पड़ता है लेकिन रास्ते की सफाई न होने और घाट की जर्जर स्थिति के कारण दिक्कतें हो रही हैं। स्थानीय निवासी पंकज सिंह ने बताया कि घाट की हालत लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। जगह-जगह टूट-फूट के साथ कमरों में गंदगी फैली है। इससे यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है। वहीं, नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी निकिता भट्ट ने बताया कि स्नान घाट का निर्माण नमामि गंगे परियोजना के तहत हुआ है और यह नगर पंचायत के अधीन नहीं है। उन्होंने बताया कि मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक मेले और त्योहारों के चलते पर्यावरण मित्र व्यस्त थे जिस कारण सफाई प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया शीध्र व समय-समय पर यहां पर सफाई कराई जाती है।