जयपुर,। राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में एक बच्चे समेत 8 लोगों की मौत हुई है। हादसा खोह नागरियान इलाके में स्थित फैक्ट्री में हुआ है। आग ने फैक्ट्री के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें 6 से अधिक मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं। मौके पर अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम पहुंच गई है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
खोह नागरियान थाना क्षेत्र के आयशा नगर तलाई क्षेत्र में यह पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। इसके आसपास रिहायशी बस्ती बनी हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि फैक्ट्री को रिहायशी इलाके में चलने की अनुमति कैसे मिली। आग लगने के कारणों की भी जांच शुरू कर दी है। हालांकि, किसी प्रकार के धमाके की आवाज नहीं सुनी गई, जिससे पटाखों में विस्फोट होने की बात भी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैक्ट्री में आग लगने के बाद झुलसे मजदूर बाहर निकल आए और काफी समय तक सड़कों पर ही तड़पते मिले। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग की टीम ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया। फैक्ट्री के मालिक को लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर दुख जताते हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।