मेयर ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण, कूड़े के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Spread the love

हरिद्वार। मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को मेयर किरन जैसल ने रेलवे स्टेशन के समीप चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेयर किरन जैसल ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले शहर के सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई हर हाल में पूरी की जाए, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नालों से निकाले गए कूड़े और गाद का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मेयर ने कहा कि यदि निकाला गया कूड़ा लंबे समय तक सड़कों पर पड़ा रहता है तो इससे आमजन, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को असुविधा होती है। हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए शहर की स्वच्छता और सुचारु व्यवस्था बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सफाई कार्यों की नियमित निगरानी करने और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नाला सफाई अभियान लगातार जारी है और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *