जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर निगम महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने मंगलवार को बुद्धा पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर ने पार्क में चल रहे पथवे निर्माण, हरित क्षेत्र, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था एवं जल निकासी प्रणाली के बारे में जानकारी ली। कहा कि पार्क का निर्माण कार्य शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जायेगा जिससे क्षेत्रवासियों को सुव्यवस्थित एवं आकर्षक पार्क उपलब्ध हो सकेगा।
इस दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि बुद्धा पार्क क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नागरिकों को स्वच्छ, हरित एवं शांत वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि पार्क में बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है, जिससे यह स्थान सामाजिक एवं पारिवारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त पी एल शाह, सह नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।