जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को केंट स्कूल के छात्र-छात्रों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली। देशभक्ति के नारों के साथ, यह यात्रा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और एकता का संदेश लेकर गुजरी। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।

हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी रैली देखने के लिए उमड़ी, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और इस आयोजन की सराहना की। विद्यालय के प्रधानार्चाय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी निभाते हुए अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराने की अपील की। स्कूल प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं राष्ट्र ध्वज के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।