इन्दिरा मार्केट पुनर्विकास योजना का काम शुरू करवाए एमडीडीए

Spread the love

देहरादून। इन्दिरा मार्केट पुनर्विकास योजना का काम आए दिन ठप होने से नाराज प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बुधवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि योजना का काम बहुत धीमी रफ्तार से चलने के कारण यह खटाई में पड़ने की कगार पर पहुंच चुकी है। प्रभावितों ने कहा कि इंदिरा मार्केट रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट की प्रक्रिया 2016 में शुरू हुई थी। दिसंबर 2022 में योजना का शिलान्यास हुआ। लेकिन अब तक पहले ही चरण का काम पूरा नहीं हो पाया। करीब डेढ़ माह से कार्य करवाने के नाम पर कंपनी खानापूर्ति कर रही है। इससे करीब 655 दुकानदारों और उनके परिवारों की आजीविका पर संकट गहरा गया है। ज्ञापन के माध्यम से योजना के लिए आवश्यक धनराशि जारी करने, प्रभावितों को वैकल्पिक रोजगार या स्थान उपलब्ध करवाने और एमडीडीए व जिला प्रशासन के स्तर से निर्माण कार्य की निरंतर मॉनीटरिंग करने के अलावा अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री खजानदास, पूर्व विधायक राजकुमार भी कंपनी की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। व्यापारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य तेजी से पूरा नहीं किया तो वह आंदोलन करने कलिए मजबूर हो जाएंगे। प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने कहा कि उपाध्यक्ष के निर्देश पर कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान यूनियन के अध्यक्ष दिनेश सती, सीपीएम देहरादून सचिव अनन्त आकाश, उपाध्यक्ष अशोक सचदेवा, कुलबीर आहुजा, मेहरबान, धर्मेंद्र कुमार, मुमताज, अनिल कुमार, विजय कुमार श्रीवास्तव, इमरान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *