सदस्यों ने लोनिवि की जारी निविदाओं के लिए समिति के गठन की मांग उठाई

Spread the love

नई टिहरी। जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में हुई बोर्ड बैठक में सड़क, आपदा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, शिक्षा और पेयजल समेत कई जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई। सदस्यों ने लोनिवि प्रांतीय खंड बौराड़ी की निविदाओं में कथित अनियमितताओं और चहेतों को लाभ पहुंचाने के आरोपों की जांच के लिए समिति गठित करने की मांग उठाई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार नियमावली तैयार करने की जानकारी दी गई। उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला द्वारा उत्तराखंड को पांचवीं अनुसूची में शामिल करने का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हुआ। सदस्य दर्शनी रावत ने जिला योजना में उपेक्षा और लोनिवि के पूल्ड हाउस कार्यों की जांच की मांग की। इस दौरान लोनिवि अधिकारी से नोकझोंक के बाद दर्शनी रावत, अनुज शाह, देवेंद्र भट्ट और कविता ने नारेबाजी कर विरोध जताया। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने 30 जुलाई तक जिला योजना की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।सदस्य विजया देवी ने लंबगांव-कंडियालगांव, लक्ष्मी पंवार ने देवल सड़क, विजयपाल रावत ने सेमंडीधार अतिथि गृह का संचालन सहकारी समिति को देने, उत्तम असवाल ने नमामि गंगे के बावजूद देवप्रयाग में गंगा में सीवर मिलने और अनुज शाह ने भिलंगना के 12 जर्जर स्कूलों का मुद्दा उठाया। विक्रम घाणता ने हिंदांव पट्टी में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की। बैठक में मौजूद घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह ने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए लोनिवि अधिकारियों को स्यूरी और गोज्याणा सड़क का प्रस्ताव दोबारा शासन को भेजने के निर्देश दिए। सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने आपदा प्रबंधन में विभागीय समन्वय पर जोर दिया, जबकि अध्यक्ष इशिता सजवाण ने सदन में उठाए गए सभी मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, जौनपुर सीता पंवार, एएमए गणेश भट्ट, सदस्य सीता मनवाल, देवेंद्र भट्ट, रविंद्र डिमरी, गीता डबराल, मकानी देवी, एई दीपेंद्र अमोला, जसपाल रावत, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, शकुंतला देवी, लक्ष्मी देवी, ताजवीर सिंह, गंभीर सिंह आदि मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *