नई टिहरी। मास्टर प्लान सिटी बौराड़ी सेक्टर 8 बी में लोक निर्माण विभाग मार्ग पर हो रहे जल भराव से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन भेरा है। बसाया कि चार-पांच सालों से बनी इस समस्या का अभी तक कोई समधान नहीं हो पाया है। सड़क पर पानी भरने से जहां लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल बना हुआ है। वहीं बरसात का पानी कई घरों में भी घुस रहा है। इससे परेशान लोगों ने जल भराव की समस्या से शीघ्र निजात दिलाने की मांग की है।
बौराड़ी लोनिवि मार्ग पर मिलन केंद्र के आस-पास बरसात के मौसम में जल भराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बरसात के मौसम में इस मार्ग से पैदल आवागमन करना मुश्किल हो जाता है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। तेज बारिश में अधिक पानी भरने पर कई बार सड़क का पानी आस-पास निवासरत लोगों के घरों में घुस जाता है। स्थानीय निवासी राजेश तोपवाल और आशा तोपवाल ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि सड़क पर बरसात का पानी जमा होने पर कई बार उनके घरों में घुस जाता है। जिससे उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि पानी भरने पर वहां से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका और लोनिवि के चक्कर काटने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने डीएम को दिए पत्र में कहा कि 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया जाता है, तो उन्हें कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ेगा।