मिनी सरस मेले से स्थानीय उत्पादों को मिला बाजार

उत्तरकाशी। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राज्योत्सव एवं मिनी सरस आजीविका मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। मेले में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री और बेहतर प्रदर्शन करने वाले समूहों को सम्मानित करना आयोजन की प्रमुख उपलब्धि रही। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और महिला समूहों को बाजार से जोड़ने की पहल को प्रोत्साहन मिला।
ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आयोजित मेले के समापन समारोह में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और महिला समूहों की ओर से तैयार सामग्री की जानकारी ली।
मेले में सबसे अधिक बिक्री करने वाले समूहों को सम्मानित भी किया गया। विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बाजार और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की पहचान बढ़ने से गांवों में रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *