मोबाइल खरीदने के लिए नाबालिगों ने की चोरी, चार लाख के जेवर बरामद

Spread the love

कौड़िया में घर से चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कौड़िया क्षेत्र में घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो बाल अपचारियों को पकड़ा है। उनके कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को प्रेम सिंह पुत्र हरमन सिंह, निवासी काशीरामपुर मल्ला, कौड़िया, थाना कोटद्वार ने तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से अज्ञात चोर सोने और चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसआई जयपाल सिंह, एसआई मेराजउद्दीन, मुख्य आरक्षी करण, आरक्षी कुलदीप और होमगार्ड कुलदीप की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सुराग जुटाते हुए 24 सितंबर की शाम दिल्ली फार्म तिराहे से दो बाल अपचारियों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों बाल अपचारी नाबालिग हैं। इनमें एक की उम्र 16 वर्ष है और वह बिजनौर जनपद के मंडावर क्षेत्र का निवासी है, जबकि दूसरा जींद क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में प्रेम सिंह के मकान में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि एक बाल अपचारी का परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से वादी प्रेम सिंह के मकान में किराएदार के रूप में रह रहा है। पूछताछ में बाल अपचारियों ने कथित तौर पर बताया कि मोबाइल खरीदने के लिए पैसों की व्यवस्था करने के उद्देश्य से उन्होंने घर से जेवर चोरी किए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। दोनों बाल अपचारियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *