जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल, पौड़ी गढ़वाल में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “गंगा की स्वच्छता में नमामि गंगे कार्यक्रम का योगदान” रखा गया।

महाविद्यालय के कला संकाय स्थित नागार्जुन कक्ष में आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक एवं बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपने निबंधों के माध्यम से गंगा नदी की स्वच्छता, संरक्षण, जन-जागरूकता तथा नमामि गंगे कार्यक्रम की भूमिका से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के निबंधों का विषय वस्तु, प्रस्तुतीकरण, भाषा एवं मौलिकता आदि के आधार पर मूल्यांकन किया गया। महाविद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गंगा संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा स्वच्छता पखवाड़ा के समापन समारोह में की जाएगी। निर्णायक मंडल में डॉ. उमेश ध्यानी, डॉ. सुमन कुकरेती एवं डॉ. वसीम अहमद शामिल रहे। इस अवसर पर डॉ. दुर्गा रजक, डॉ. अर्चना नौटियाल, डॉ. शिप्रा, डॉ. मानसी वत्स, डॉ. सत्यनन्दन भगत आदि उपस्थित रहे।