मोदी सरकार ने देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचायाः बत्रा

Spread the love

रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में ‘विकास, विश्वास एवं जनकल्याण’ विषय पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कैबिनेट एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मोदी सरकार ने बीते 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, जनधन योजना और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान की है। महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और किसानों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, समर्पण और सुशासन के स्वर्णिम काल के रूप में याद किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ता जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। विधायक शिव अरोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भी विकास कार्यों को नई गति मिली है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। मेयर विकास शर्मा ने कहा कि स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत मिशन और अमृत योजना जैसी परियोजनाओं से शहरी विकास को नई दिशा मिली है और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। प्रेसवार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। इस दौरान जिला महामंत्री तरुण दत्ता, दर्जाधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, रामपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा रश्मि रस्तोगी, उपेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा नेतृपाल मौर्य, अमित नारंग, मोर सिंह, सुरेंद्र चौधरी, विजय तोमर, राकेश सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *