विकासनगर। पर्यटन नगरी चकराता के मुख्य मार्ग पर स्थित साहिया बाजार में बढ़ती जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद साहिया चौकी प्रभारी नीरज कठैत ने शनिवार को पुलिस टीम के साथ बाजार क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क किनारे अव्यवस्थित और अवैध रूप से खड़े वाहनों के चालकों को कड़ी चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि सड़क पर बेवजह वाहन खड़ा करना यातायात नियमों का उल्लंघन है और इससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि अपने वाहन केवल निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई वाहन चालक सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करता पाया गया तो उसके खिलाफ चालान के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिसकर्मी अमित चौधरी, राजेश रावत और दीपक तोमर समेत अन्य जवान मौजूद रहे।
पार्किंग के अभाव में बढ़ रही समस्या: साहिया क्षेत्र कई गांवों का प्रमुख बाजार है। इसके अलावा चकराता और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले पर्यटक भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। क्षेत्र में इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय, बैंक, कृषि मंडी और अस्पताल होने के कारण दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बनती है।