काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे मोदी, 108 बटुकों ने किया शंखनाद, 14 किलो मीटर के रोड शो में बरसाए गए फूल

Spread the love

वाराणसी , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी (काशी) में भव्य रोड शो किया। करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो के दौरान शहर देशभक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। पीएम बीएलडब्ल्यू गेस्ट हाउस से रवाना होकर काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया।
मंदिर के प्रवेश द्वार पर 108 बटुकों ने शंखनाद कर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इसके बाद उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की। पांच पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा कराई, उन्हें माला पहनाई गई और त्रिपुंड लगाकर आशीर्वाद दिया गया।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब
रोड शो के दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता नाचते नजर आए, जबकि काफिले पर फूलों की बारिश की गई। पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
हरदोई में करेंगे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन
मंदिर दर्शन के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से एयरपोर्ट रवाना होंगे और वहां से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हरदोई जाएंगे। यहां वे 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे, जो मेरठ को प्रयागराज से जोड़ने वाला देश के सबसे लंबे एक्सप्रेस-वे में से एक होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *