चम्पावत। बनबसा की महिला पर बाघ के हमले के बाद वन विभाग सक्रिय हो गया है। वन विभाग की टीम ने खटीमा रेंज से लगे हेलागोठ के जंगल में तीन ट्रैप कैमरे लगा दिए हैं। जिनसे बाघ की मूवमेंट पर नजर रखी जाएगी। ग्रामीणों ने हमलावर बाघ को पिंजरे में कैद करने की मांग की है।शुक्रवार को फागपुर, बनबसा के ग्रामीणों ने मृतका मुन्नी देवी (32) पत्नी कैलाश पुरी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतारने वाले बाघ को पिंजरे में कैद करने की मांग की है। फागपुर ग्राम प्रधान हर्ष बहादुर चंद, प्रकाश चंद, मनोज कालाकोटी, रविराज, हेमंत प्रसाद आदि ने कहा कि हमलावर बाघ और भी खतरनाक हो सकता है। किसी अन्य अनहोनी से पहले वन विभाग को बाघ को पिंजरे में कैद करना चाहिए। खटीमा रेंजर महेश जोशी ने बताया कि घटना स्थल पर तीन कैमरे लगा दिए गए हैं। बताया कि वन कर्मियों की टीम लगातार लोगों को जागरुक करने का काम कर रही है। ट्रैप कैमरों में बाघ की लोकेशन कैद होने के बाद पिंजरा लगाने पर विचार किया जाएगा।
परिजनों को दी 25 हजार सहायता धनराशि
टनकपुर। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को मृतका महिला के परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। रेंजर महेश चंद्र जोशी ने बताया कि बाघ के हमले में मृतका महिला के परिजनों को वन विभाग की तरफ से 25 हजार रुपये की सहायता धनराशि दी गई है। बताया कि परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।