केरलम में इस बार 4 दिन पहले दस्तक दे सकता है मानसून

Spread the love

नईदिल्ली, देश में अलग-अलग मौसम के रंग देखने को मिल रहे हैं। जहां पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अंधड़, मूसलधार बारिश, ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दूसरी तरफ राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में लू का असर देखा जा रहा है।सबसे ज्यादा तापमान राजस्थान के बाड़मेर में 47.3 डिग्री दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर-पश्चिम और पूर्वी इलाकों में आंधड़-बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रही मौसमी गतिविधियों से मानसून आगे बढ़ने का संकेत मिल रहा है। दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के आस-पास का मौसम दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए अनुकूल होने से दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। केरलम में मानसून आने की सामान्य तारीख 1 जून है। इस बार 25-27 मई के बीच ही पहुंचने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में सोमवार को खराब मौसम के चलते कहीं घरों और स्कूलों की छतें उड़ गईं, कहीं पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। इससे भारी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक मौसम बिगड़ने की चेतावनी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि या बर्फबारी होने की भी संभावना जताई गई है। साथ ही इस दौरान भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ अंधड़ और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। बिहार में कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं और हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तमिलनाडु, केरलम, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रह सकती है।
दिल्ली समेत एनसीआर के लोगों को फिलहाल गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 12 मई को राजधानी में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके कारण अगले 3 दिनों में तापमान में 1-2 डिग्री तक गिरावट देखने को मिल सकती है। पंजाब और हरियाणा में भी मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है।
मौसम में आए बदलाव के कारण कई राज्यों में भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं राजस्थान, गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में लू चलने की चेतावनी दी गई है। पश्चिम राजस्थान और कच्छ-सौराष्ट्र इलाके में गर्मी ज्यादा परेशान कर सकती है। आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान में सामान्य से अधिक तपमान रहने के कारण गर्म रातों का भी अलर्ट जारी किया है, वहीं पूर्वी इलाकों और उत्तर प्रदेश में कुछ जगह बारिश होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *