मोटर साइकिल के नंबर पर चला रहे थे इनोवा कार, दो आरोपी गिरफ्तार

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : लैंसडौन पुलिस को चकमा देकर कार्रवाई से बचने के लिए मोटर साइकिल का नंबर लगाकर इनोवा कार दौड़ा रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस चेकिंग के दौरान कार पर लगी नंबर प्लेट की जांच की गई तो दर्ज नंबर एक टीवीएस अपाचे मोटर साइकिल का निकला।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के तहत शुक्रवार देर सांय को गुमखाल चेक पोस्ट पर लैंसडौन पुलिस संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सिल्वर रंग की टोयोटा इनोवा को रोककर जांच की गई। वाहन में लगी फर्जी नंबर प्लेट के साथ सीट के नीचे से दो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने करीब एक माह पूर्व अमृतसर से इनोवा खरीदी थी। वाहन के कागजात एक्सपायर होने के कारण पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए इंटरनेट पर दूसरे वाहन का नंबर देखकर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी। पुलिस ने इस मामले में उमेश सुयाल निवासी कुसुमखेड़ा, नैनीताल, विक्रम निवासी मछेल्या, अल्मोड़ा को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध कोतवाली लैंसडौन में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार, हेड कांस्टेबल पंकज शर्मा, कांस्टेबल मुकेश जोशी, कांस्टेबल गोपाल शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *