वीर शहीदों के आश्रितों को सांसद ने किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित “मेरी माटी मेरा देश” कार्यक्रम के तहत गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने वीर शहीदों के घर पहुंचकर उनके आश्रितों का हाल जान। इस दौरान उन्होंने शहीदों के आश्रितों को सम्मानित भी किया।
कोटद्वार प्रवास पर आए गढ़वाल सांसद ने दुर्गापुर स्थित कारगिल शहीद ललित किशोर तिवारी, शौर्य चक्र से सम्मानित शहीद शिव सिंह नेगी, पदमपुर मोटाढाक स्थित शहीद बंशी प्रसाद, शहीद अमर सिंह के घर जाकर उनको श्रद्धांजली अर्पित की। इस दौरान गढ़वाल सांसद ने शहीदों को आश्रितों को भी सम्मानित किया। कहा कि देश के वीर शहीदों के कारण ही आज हमारा देश सुरक्षित है। देश की रक्षा में दिए जा रहे वीर सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। गढ़वाल सांसद ने कहा कि “मेरी माटी मेरा देश” अभियान के तहत शहीदों के आंगन की मिट्टी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर पहुंचेगी और यहां अमृत वाटिका में इस पवित्र मिट्टी का प्रयोग किया जायेगा। इसके उपरांत जनता इंटर कालेज मोटाढांक में भी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। गढ़वाल सांसद ने शहीद अमर सिंह की धर्मपत्नी वीर नारी सुशीला देवी, शहीद अमर सिंह की धर्मपत्नी वीर नारी जीना देवी, शहीद पुष्कर सिंह की पत्नी वीर नारी विजयलक्ष्मी, शहीद बंशी प्रसाद की धर्मत्नी वीर नारी चित्रा देवी, गौरव सैनानी भारत सिंह नेगी, सूबेदार दरबान सिंह गुसाईं आदि को सम्मानित किया। इससे पूर्व राष्ट्रीय सेवा योजना पौड़ी गढ़वाल के समन्वयक परितोष रावत, हिमांशु द्विवेदी, गणेश भट्ट, सतीश मौर्य और बाल भारती पब्लिक स्कूल एवम रोहित अग्रवाल विद्या मंदिर की इकाइयों ने शहीदों के घर से एकत्रित पवित्र मिट्टी भी सांसद तीरथ सिंह रावत और कर्नल (रि) ओम प्रकाश फर्सवान को सौंपी।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, भाजपा नेता उमेश त्रिपाठी, जगमोहन सिंह रावत, सुखरो मंडल अध्यक्ष हरी सिंह पुंडीर, पार्षद कुलदीप रावत, पार्षद मनीष भट्ट, जिला अनुसूचित मोर्चा महामंत्री राजेंद्र खैरवाल, सूबेदार दरबान सिंह गुसाईं, मंडल अध्यक्ष मनोज पांथरी आदि मौजूद रहे।