कोटद्वार-पौड़ी

कूड़ा डंपिंग जोन बन रही खाली भूमि, नगर निगम नहीं दे रहा ध्यान

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में बढ़ रही समस्या
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में खाली पड़ी सरकारी भूमि कूड़ा डंपिंग जोन में तब्दील होती जा रही है। अधिकांश व्यापारी व वार्डवासी गंदगी के ढेर खाली भूमि पर फेंक रहे हैं। शिकायत के बाद भी नगर निगम व राजस्व विभाग समस्या को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा। कई स्थानों पर कूड़ा सड़ने के बाद दुर्गंध फैलने लगी है। ऐसे में अब संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
कोटद्वार नगर निगम बनने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, नगर निगम बनने के बाद शहर में कूड़े की समस्या विकराल होती जा रही है। हालत यह है कि कई व्यक्ति अपने प्रतिष्ठानों व घरों से निकलने वाले कूड़े को क्षेत्र में खाली पड़ी भूमि पर फेंक रहे हैं। नतीजा शहर में लगातार यह समस्या विकराल होती जा रही है। कूड़े से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल होता जा रहा है। यही नहीं, अब आसपास के परिवारों को भी संक्रामक बीमारियों का खतरा सताने लगा है। देवी रोड निवासी सत्यपाल सिंह, मुन्नी देवी, रचना देवी ने बताया कि मोटर नगर में आधुनिक बस अड्डे के लिए प्रस्तावित भूमि को कई लोगों ने कूड़ा डंपिंग जोन बना दिया है। निगम क्षेत्र के अंतर्गत सिम्मलचौड़, मानपुर, बीईएल रोड सहित भाबर क्षेत्र के कई वार्डों में भी यह समस्या विकराल होती जा रही है।

कूड़े पर लगा रहे आग
शिकायत के बाद भी नगर निगम खाली भूमि पर पड़े कूड़ें को उठाने की सुध नहीं ले रहा है। ऐसे में आसपास के कई लोग कूड़े को नष्ट करने के लिए उसपर आग लगा रहे हैं। इससे जहां दुर्गंध अधिक फेल रही हैं वहीं, चारों ओर जहरीले धुएं का गुब्बार भी बढ़ रहा है। कूड़ा निस्तारण के लिए क्षेत्रवासी वार्डों में जगह-जगह बड़े कूड़ेदान लगवाने की भी मांग उठा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!