जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। बावजूद कुछ लोग निगम की इस मुहिम पर पलीता लगा रहे हैं। ऐसे में अब नगर निगम ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती दिखा शुरु कर दिया है। सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकने व जलाने वालों के खिलाफ एक घंटे के भीतर आर्थिक दंड की कार्रवाई की जाएगी। यही नहीं, यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा डालने वालों की शिकायत ऑनलाइन देता है तो उसकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। साथ ही शिकायत देने वाले व्यक्ति को सम्मानित भी किया जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र के चालीस वार्डों में घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने के लिए प्रतिदिन निगम के वाहनों का संचालन किया जाता है। इसके एवज में नगर निगम घरों से तीस रुपये प्रतिमाह लेता है। लेकिन, कई लोग तीस रूपये बचाने के चक्कर में शहर को दूषित कर रहे हैं। लोग अब भी सार्वजनिक स्थानों व खाली पड़ी भूमि पर कूड़े का ढेर डाल रहे हैं। जिससे शहर की सूरत बिगड़ रही है। ऐसे में अब नगर निगम ने इन लोगों से सख्ती के साथ निपटने का मन बना लिया है। पूर्व में शहर के मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। साथ ही चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए। ऐसे में अब नगर निगम ने कूड़ा डालने वालों की वीडियो ऑनलाइन निगम को देने वालों को सम्मानित करने का भी निर्णय लिया है। वीडियो मिलने के एक घंटे के भीतर निगम की टीम कूड़ा डालने वालों का चालान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
रैंक सुधारने को जागरूकता जरूरी
वर्ष 2022 में कोटद्वार नगर निगम राष्ट्रीय स्तर पर जारी होने वाली स्वच्छता सर्वे सूची में 270वें स्थान पर था। जबकि, 2024 में निगम 305वें स्थान पर पहुंचा। साफ है कि आमजन के सहयोग के बिना कोटद्वार स्वच्छता के पथ पर आगे नहीं बढ़ सकता। कोटद्वार को स्वच्छता की रैंक में आगे लाने के लिए आमजन को भी नगर निगम का सहयोग करना होगा। वर्तमान में कुल 60 प्रतिशत घरों से ही निगम के वाहनों में प्रतिदिन कूड़ा आ रहा है। जबकि, चालीस प्रतिशत घरों का कूड़ा या तो सर्वजनिक स्थानों पर फेंका जा रहा है या इसे जलाया जा रहा है।
गदेरे को बना दिया डंपिंग जोन
शहर में गंदगी फैलाने वालों ने शहर के बीच से गुजरने वाले पनियाली गदेरे को भी कूड़ा डंपिंग जोन बना दिया है। यही नहीं कूड़े का ढेर बढ़ने पर कई लोग इस पर आग भी लगा देते हैं। जिससे वायु प्रदूषण होता है। देवी रोड में आसपास के कई दुकानदार दुकान से निकलने वाली गंदगी को गदेरे में उड़ेलते हुए आसानी से देखे जा सकता है। गोखले मार्ग में भी फल व सब्जी बेचने वाले गंदगी का ढेर सड़क पर ही फेंककर चले जाते हैं।
इन पर नहीं होती कार्रवाई
शहर के मुख्य मार्गों पर सब्जी व फल बेचने वाले सड़क पर ही कूड़ा फेंककर चले जाते हैं। जिससे सुबह-सुबह सड़क पर गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। बावजूद नगर निगम आज तक इसके लिए कोई सख्त नियम लेकर नहीं आ पाया। ऐसे में नगर निगम के अभियान पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।