जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नैनीडांडा के पट्टी बिजलौट के ग्राम सत्खोलू के तोक बणासी तल्ली में शनिवार को एक दर्दनाक घटना हुई, जिसमें घास लेने खेत गई एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया और उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव की सुशीला देवी और शांति देवी रोज की तरह खेतों में घास लेने गई थीं। तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर उन्हें पकड़ लिया और पास के खेतों की ओर खींचते हुए ले गया। शांति देवी ने यह दृश्य देखा तो वह घबराकर गांव पहुंचीं और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर महिला का अधखाया शव झाड़ियों के पास मिला। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई महीनों से क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई थी, जिसकी शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने गुलदार को मारने (शूट करने) की मांग की और शव को उठाने से भी इनकार कर दिया। बाद में वन विभाग और पुलिस ने लोगों को समझाकर कार्रवाई शुरू की और आगे की प्रक्रिया पूरी की