कोटद्वार-पौड़ी

नगर आयुक्त पीएल शाह ने संभाला कार्यभार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नगर आयुक्त पीएल शाह ने संभाला कार्यभार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। आखिरकार कोटद्वार नगर निगम को स्थाई नगर आयुक्त मिल ही गया। नगर निगम गठन के करीब ढाई वर्ष बाद आखिर कोटद्वार नगर निगम में स्थाई नगर आयुक्त की तैनाती हो गई। नगर आयुक्त के रूप में पीएल शाह ने कार्यभार संभाल लिया है। नगर आयुक्त महीने में तीन सप्ताह नगर निगम कोटद्वार और एक सप्ताह देहरादून शासन में सेवाएं देगें। नगर आयुक्त श्री शाह ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इसके अलावा प्राथमिकताओं के साथ समस्याओं का निस्तारण किया जायेगा।
दिसंबर 2017 में कोटद्वार नगर निगम अस्तित्व में आया था। तब से कोटद्वार नगर निगम में नगर आयुक्त का कार्य उपजिलाधिकारी संभाल रहे थे। पिछले कई माह से पार्षद व जनप्रतिनिधि नगर निगम में स्थाई नगर आयुक्त की मांग कर रहे थे, जिसे देखते हुए शासन की ओर से नगर आयुक्त के पद पर पीएल शाह को नियुक्त किया गया है। सोमवार को नव नियुक्त नगर आयुक्त पीएल शाह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। नगर आयुक्त पीएल शाह पूर्व में उत्तरकाशी जिले में अपर जिलाधिकारी के रूप में सेवा दे चुके है। वर्तमान में वह शासन में सेवा दे रहे है। उन्हें शासन की जिम्मेदारी के साथ नगर आयुक्त कोटद्वार की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि बरसात को देखते हुए नालों को चिन्हित किया जायेगा और यथासम्भव उनका ट्रीटमेंट किया जायेगा, ताकि नालों में पानी न रूक सकें। गिरासू भवनों को चिन्हित किया जायेगा और उनको खाली कराने एवं जो ज्यादा जीर्णक्षीण है उनको ध्वस्त करने की कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि कोविड-19 को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
नगर निगम बोर्ड गठन के करीब ढाई साल बाद कोटद्वार नगर निगम को स्थाई नगर आयुक्त मिला है। अब तक एसडीएम कोटद्वार के पास नगर आयुक्त की भी जिम्मेदारी होती थी। अब तक चार एसडीएम नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल चुके है। एसडीएम कमलेश मेहता 29 नवम्बर 2018 से 17 जनवरी 2019, एडीएम अनिल चन्याल 18 जनवरी 2019 से 28 फरवरी 2019, एसडीएम मनीष कुमार सिंह 1 मार्च 2019 से 29 जुलाई 2019, एसडीएम योगेश सिंह मेहरा ने 30 जुलाई 2019 से 19 जुलाई 2020 तक नगर आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभाली। (फोटो संलग्न है)
कैप्शन02: नव नियुक्त नगर आयुक्त पीएल शाह कार्यालय में काम करते हुए।

बॉक्स समाचार
पार्षदों ने किया नगर आयुक्त का स्वागत
नगर निगम कोटद्वार के पार्षदों ने नव नियुक्त नगर आयुक्त पीएल शाह को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। पार्षदों ने नगर आयुक्त को नगर निगम की समस्याओं के निस्तारण में हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया।
पार्षद विपिन डोबरियाल, कुलदीप काम्बोज, आशा चौहान, बीना नेगी, अनिल नेगी, सुखपाल शाह, पूर्व सभासद गुड्डू सिंह चौहान, विजेता रावत, कमल नेगी, मनीष भट्ट, गिंदी दास ने नगर आयुक्त कार्यालय में नव नियुक्त नगर आयुक्त पीएल शाह को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। पार्षदों ने नगर की समस्याएं बताते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में समय से कूड़ा नहीं उठता है। दोपहर तक जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहते है। जिस कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। निगम क्षेत्र में अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई है। शिकायत करने के बावजूद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा है। पार्षद विपिन डोबरियाल ने कहा कि निगम कार्यालय में आवेदन करने के 15 दिन बाद भी मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिल रहे है। लोग प्रमाण पत्र बनाने के लिए प्रतिदिन कार्यालय के चक्कर काटने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की जिम्मेदारी किसी एक अधिकारी को सौंपी जानी चाहिए, ताकि समय पर प्रमाण पत्र बन सकें। नगर आयुक्त पीएल शाह ने कहा कि प्राथमिकता के साथ सभी समस्याओं का निस्तारण किया जायेगा। उन्होंने पार्षदों से समस्याओं के निस्तारण में सहयोग की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!