नवरात्र में गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा ने फिर पकड़ी रफ्तार

उत्तरकाशी /बड़कोट। बारिश और श्राद्ध पक्ष के दौरान सुस्त पड़ी गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा ने नवरात्र पर्व के साथ एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। कुछ दिन पहले तक यमुनोत्री में प्रतिदिन 1500 से 1800 श्रद्धालु धाम पहुंच रहे थे लेकिन नवरात्र शुरू होते ही संख्या बढ़कर तीन हजार से साढ़े तीन हजार तक पहुंचने लगी है। इसी तरह गंगोत्री में भी श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। श्रद्धालुओं की आवाजाही में आए इस उछाल से यमुनोत्री यात्रा कारोबार से जुड़े स्थानीय व्यापारियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों, डंडी-कंडी संचालकों और अन्य कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौटने लगी है। नवरात्र से पहले बारिश और श्राद्ध पक्ष के चलते यात्रा की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। इसका असर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम मार्ग पर संचालित कारोबार पर भी देखने को मिल रहा था। उधर, यमुनोत्री धाम क्षेत्र में मौसम लगातार चुनौती बना हुआ है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और धाम क्षेत्र में दोपहर बाद बारिश होने से ठंड बढ़ गई है। यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, पंच पंडा समिति के सचिव गिरीश उनियाल और रावल राहुल उनियाल ने बताया कि नवरात्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से यात्रा से जुड़े लोगों को राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *