वर्तमान में तकनीकी रूप से कौशल प्राप्त करने की आवश्यकता

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नेहरू युवा केंद्र, पौड़ी द्वारा कौशल आधारित उद्यमिता कार्यक्रम के अंतर्गत तीन माह के कटिंग एवं टेलरिंग प्रशिक्षण केन्द्र का उद्घाटन विकासक्षेत्र दुगड्डा के हल्दूखाता मल्ला में किया गया। युवा मंडलों के 25 युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित रमन रावत पोली ने कहा कि किसी भी देश के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए कौशल और ज्ञान दो प्रेरक बल है। वर्तमान वैश्विक दौर में तकनीकी रूप से कौशल प्राप्त करने की आवश्यकता है। जिला युवा अधिकारी शैलेश भट्ट ने कहा कि भारत सरकार कौशल विकास की योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार की ओर प्रेरित करने के लिए प्रयत्नशील है। कार्यक्रम में आकाशवाणी पौड़ी के उदद्योषक योगम्बर पोली ने कहा कि महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ ही कौशल विकास प्रशिक्षण लेकर स्वयं उद्यमी बनकर अन्य युवाओं को भी रोजगार से जोड़ सकते हैं। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अजय कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश में बेरोजगारी समाप्त करने की एक पहल है जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़कर स्वावलम्बी बनाना है। प्रशिक्षण केन्द्र की प्रशिक्षिका किरन देवी ने तीन माह के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की जानकारी दी। कार्यक्रम में हल्दूखता तल्ला, मल्ला, झण्डीचौड़, दुर्गापुरी, जशोधरपुर, डाबर, लोकमणिपुर, कलालघाटी आदि गांव के युवा प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इस मौके पर ज्योति, प्रभाकर द्विवेदी, प्रतिमा, मोनिका, राखी देवी, दीपा देवी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *