कोटद्वार-पौड़ी

कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष पद पर नीलम रावत की ताजपोशी से निवर्तमान जिलाध्यक्ष खफा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
जिला महिला कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नीलम रावत की ताजपोशी से निवर्तमान जिलाध्यक्ष कमला रावत खफा हो गई हैं। उन्होंने पार्टी के कुछ नेताओं पर प्रदेश अध्यक्ष व पार्टी को गुमराह किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकाल पूर्ण हुए बिना पूर्व नोटिस के मुझे हटाया जाना मेरे खिलाफ षडयंत्र है। पार्टी से निष्कासित महिला को जिलाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देना आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि नवनियुक्ति जिलाध्यक्ष को जल्द पद से हटाया नहीं गया, तो वह कार्यालय के बाहर धरना देंगी। वहीं नीलम रावत ने कहा कि पूर्व में कमला रावत ने ही मुझे नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी। लेकिन अब वे मेरे जिलाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर किस आधार पर विरोध कर रही हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सरिता आर्य ने विगत 26 मई को जिला महिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष पद पर नीलम रावत की नियुक्ति की। जिस पर अब निवर्तमान जिलाध्यक्ष कमला रावत ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र भेज तत्काल मामले में हस्तक्षेप करते हुए जिलाध्यक्ष पद पर हुई नियुक्ति को रद्द किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि नीलम रावत पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहती हैं, जिसके चलते उन्हें निकाय चुनाव 2018 में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। लेकिन पार्टी के कुछ प्रदेश स्तरीय नेताओ के दबाव में नीलम को जिलाध्यक्ष जैसी अहम जिम्मेदारी सौंप दी गई है। कमला रावत ने कहा कि मैं विगत 25 वर्षों से पार्टी की निष्ठावान कार्यकर्ता के रुप में सेवाएं दे रही हूं, लेकिन मुझे मेरे दायित्व से बिना पूर्व नोटिस के हटाया जा रहा है। जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीलम रावत को जल्द पद से नहीं हटाया गया, तो जिला कार्यालय के बाहर धरना दूंगी। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नीलम रावत ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले मेरी पार्टी में वापसी हो गई थी। निवर्तमान जिलाध्यक्ष कमला रावत ने ही मुझे नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्णय का वे बिना आधार विरोध कर रही हैं।

नगर अध्यक्ष पद ताजपोशी का भी हुआ था विरोध

पौड़ी। नीलम रावत की फरवरी-मार्च 2020 में नगर अध्यक्ष महिला कांग्रेस के पद पर नियुक्ति का भी विरोध हुआ था। जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य ने उन्हें पद से हटा दिया था।

ठुकराया प्रदेश उपाध्यक्ष पद

पौड़ी। निवर्तमान जिलाध्यक्ष कमला रावत को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई, लेकिन उन्होंने ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह जिलाध्यक्ष पद से हटाकर मुझे प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई, उसे मैं स्वीकार नहीं कर सकती हूं।

सामूहिक इस्तीफे की दी चेतावनी

पौड़ी। महिला कांग्रेस की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को पद से नहीं हटाए जाने पर सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है। कांग्रेस की प्रदेश सचिव सरिता नेगी ने कहा कि पार्टी से निष्कासित महिला को अहम जिम्मेदारी देना पार्टी व भावी विधान सभा चुनाव के लिए नुकसानदेह है। उन्होंने कहा कि नीलम की नियुक्ति जल्द रद्द नहीं होती है, तो विभिन्न पदों का दायित्व संभाल रही महिलाएं सामूहिक इस्तीफा देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!