जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : नेहरू पर्वतारोहण संस्थान उत्तरकाशी में आयोजित बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स दिनांक 26 मई से 23 जून 2026 तक चला, जिसमें जीआरआरसी लैंसडौन में प्रशिक्षण लिए तीन क्लाईमरों निक्की रावत, सोनम पटवाल और रानी पटवाल ने प्रतिभाग किया। निक्की रावत को बेस्ट टे्रनी का खिताब दिया गया।
इस कोर्स के दौरान तीनों ने अति सराहनीय प्रदर्शन किया। जिसमें निक्की रावत ने बेस्ट टे्रनी का खिताब हासिल किया। अपने अच्छे प्रदर्शन के लिए इन प्रतिभागियों ने पूरा श्रेय अपने कोच हवलदार देवेंद्र पंवार, संरक्षक महिपाल सिंह चौहान को दिया। जिन्होंने बच्चों को प्रेरित किया और इनका मार्गदर्शन किया। गढ़वाल राइफल रेजीमेंट सेंटर द्वारा वर्ष 2025 में रिखणीखाल के ग्रामीण बच्चों के लिए समर एडवेंचर कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें 25 अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण लिया था। प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक मानसिक एवं साहसिक खेलों के प्रति सभी प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया, जिसके आधार पर पांच बच्चों को स्पोट्र्स क्लाइंबिंग के लिए चुना गया था। कोच देवेंद्र पंवार ने बताया कि बच्चों के कठिन अभ्यास और निरंतर समर्पण से यह सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि ने न केवल गांव का नाम रोशन किया है बल्कि अन्य युवाओं को भी साहसिक खेलों की ओर प्रेरित किया है। तीनों खिलाड़ियों ने अपने कोच एवं कमाडेंड गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी और अपने माता-पिता के सहयोग को अपनी सफलता का श्रेय दिया। कहा कि उनका अगला लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना है।