सरकार की विफलता है पेपर लीक : धीरेंद्र प्रताप

Spread the love

कोटद्वार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बोले कांग्रेस नेता
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष व प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने देश में पेपर लीक की घटनाओं के लिए सरकार को जिम्मेदार बताया है। कहा कि सरकार की नाकामी व लापरवाही से युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है। सरकार को परीक्षाओं में पारदर्शिता बनानी चाहिए। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बुधवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए धीरेंद्र प्रताप ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही है। इससे युवाओं का मनोबल गिर रहा है। सरकारी व्यवस्थाओं से युवाओं का मन उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। कांग्रेस नेता ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा नकल माफिया के नेटवर्क को समाप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की। धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि युवाओं और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आगामी दिनों में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि एक जुलाई से वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा. हरक सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, लखपत बुटोला, सूरवीर सजवाण तथा जीत राम के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर मीना बछुवाण, डा. चंद्रमोहन खर्कवाल, सुनील दत्त सेमवाल, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *