जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में कूड़ा निस्तारण एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है। एक ओर जहां हल्दूखाता के कंचनपुरी में लोग प्रस्तावित ट्रेंचिंग ग्राउंड का विरोध कर रहे हैं। वहीं, गाड़ीघाट में संचालित हो रहे ट्रेंचिंग ग्राउंड को भी आबादी से अलग शिफ्ट करने की मांग उठ रही है। पार्षदों ने महापौर से कूड़ा निस्तारण की स्थायी व बेहतर व्यवस्था बनाने की मांग की है।
इस संबंध में पार्षदों ने महापौर शैलेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन दिया। पार्षदों ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए विभिन्न वार्डों में कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं पर शीघ्र कार्य शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि बढ़ती आबादी और शहरी विस्तार के कारण प्रतिदिन बड़ी मात्रा में ठोस अपशिष्ट उत्पन्न हो रहा है, जबकि पर्याप्त निस्तारण सुविधाओं के अभाव में कई स्थानों पर कूड़ा जमा होने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पार्षदों ने कहा कि कूड़े के अनियंत्रित ढेर न केवल पर्यावरण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा कर रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में वैज्ञानिक और आधुनिक तकनीक आधारित कूड़ा निस्तारण केंद्रों की स्थापना समय की मांग है। ज्ञापन में नगर निगम प्रशासन से मांग की गई कि सभी वार्डों में उपयुक्त स्थलों का चयन कर आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित किए जाएं। साथ ही कूड़े के संग्रहण और निस्तारण की वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इस मौके पर पार्षद विपिन डोबरियाल, अनिल रावत, संजय भंडारी, हिमांशु वर्मा, नईम अहमद, जय प्रकाश ध्यानी, अरविंद बनियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।