देश-विदेश

बदले-बदले नजर आए नीतीश, विपक्षी दल के विधायक की पीठ थपथपाई, कहा- और जोर से नारा लगाइए

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

पटना,एजेंसी। दो दिनों के भीतर विधानसभा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दो रूप देखे। बुधवार को उनका गुस्सा चरम पर था। गुरुवार को वे विरोध कर रहे भाजपा विधायक की पीठ थपथपा रहे थे। विधानसभा की पहली पाली में मुख्यमंत्री लगातार बैठे रहे। उन्होंने आते ही सदस्यों के अभिवादन का हंसकर जवाब दिया। कोई टिप्पणी नहीं की। यहां तक कि भाजपा विधायक ताली पीटकर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग कर रहे थे। कुछ देर तक मुख्यमंत्री भी ताली बजाते नजर आए। सदन में दूसरी पाली में भी हंगामा हुआ। भाजपा के विधायक सदन के बीच में आ गए। मुख्यमंत्री दूसरी पाली में सदन में मौजूद नहीं थे।
मुख्यमंत्री जिस समय विधानसभा में प्रवेश कर रहे थे, भाजपा के विधायक प्रवेश द्वार पर खड़े होकर उनके खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। नीतीश तब भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के करीब से गुजरे। उनकी पीठ थपथपाई। मुस्कुराकर आग्रह किया- और जोर से नारा लगाइए। इतना कहकर वे आगे अपने कक्ष में चले गए। विधानसभा में भाजपा के अधिसंख्य सदस्य पीला कुर्ता पहन कर आए थे। बंडी का रंग अलग था। लेकिन, कई विधायक भगवा रंग की पगड़ी बांधे हुए थे। दूसरी पाली शुरू होने से पहले भाजपा विधायक नंदकिशोर यादव और वित्त मंत्री विजय कुमार चौधरी ने एक दूसरे का हाल चाल पूछा।
विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा की शिकायत दूसरे दिन भी दूर नहीं हुई। वह कुछ बोल रहे थे। माइक से आवाज नहीं निकल रही थी। बुधवार को शोर-शराबे के समय से ही विपक्ष के नेता का माइक गड़बड़ है। कभी उससे आवाज निकलती थी तो कभी बंद हो जाती थी। विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी उन्हें समझा रहे थे कि वे अपने विधायकों को सीट पर बुला लें। सदन की कार्यवाही के संचालन में सुविधा होगी। बेशक अध्यक्ष का आग्रह बेअसर रहा। विपक्षी सदस्यों का हंगामा बंद नहीं हुआ। इधर सदन की कार्यवाही भी चलती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!