चेन्नई,तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजे चौंकाने वाले रहे. विजय की पार्टी टीवीके की आंधी में जहां सत्तारूढ़ डीएमके की हवा निकल गई, वहीं डीएमके उम्मीदवार और मंत्री केआर पेरियाकरुप्पन सिर्फ एक वोट से तिरुप्पत्तूर सीट से चुनाव हार गए. टीवीके उम्मीदवार सीनिवास सेतुपति आर. ने शिवगंगा जिले की इस सीट से जीत दर्ज की.
इससे भी दिलचस्प बात यह है कि ओमान में काम करने वाले एनआरआई मणिकंदन शिवनाथम वोट करने के लिए तमिलनाडु आए और इस सीट पर मतदान किया. तिरुप्पत्तूर में टीवीके की जीत के बाद मणिकंदन ने अपनी खुशी का इजहार किया कि उनका एक वोट कितना महत्वपूर्ण साबित हुआ. उन्होंने एक्स पर लिखा कि उन्होंने खास तौर पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए 3,000 किमी से ज्यादा का सफर किया. टीवीके ने सिर्फ एक वोट से तिरुप्पत्तूर सीट जीती. मुझे गर्व है कि मैंने थलपति को वोट देने के लिए मस्कट (ओमान की राजधानी) से भारत तक का सफर किया.
अपनी जीत पर सीनिवास सेतुपति ने कहा, मेरी सफलता सिर्फ और सिर्फ विजय की वजह से है. यह दिखाता है कि हर एक वोट कितना जरूरी है.
बता दें, सोमवार को मतगणना के आखिरी राउंड में, डीएमके उम्मीदवार पेरियाकरुप्पन तिरुप्पत्तूर विधानसभा सीट से टीवीके उम्मीदवार से 30 वोटों से आगे थे. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. आखिरी राउंड में पासा पलट गया, और पेरियाकरुप्पन सिर्फ एक वोट से हार गए. तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के सीनिवास सेतुपति को 83,375 वोट मिले, जबकि पेरियाकरुप्पन को 83,374 वोट मिले. दूसरी ओर, बीजेपी उम्मीदवार केसी तिरुमारन 29,054 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे.
तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में, अभिनेता विजय की टीवीके पार्टी 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. द्रविड़ मुनेत्र कझगम को 59 सीटें मिलीं, जबकि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम को 47 सीटें मिलीं. कांग्रेस सिर्फ पांच सीटें जी सकी.
टीवीके के नेता विजय ने दो सीटों पर चुना लड़ा और दोनों सीटों- पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली (ईस्ट) पर जबरदस्त जीत हासिल की. उन्होंने क्रमश: 53,715 वोट और 27,416 मतों के अंतर से जीत हासिल की.