एनएसएस की गतिविधियां पूर्ण निष्ठा और सेवाभाव से संचालित हो : अपर शिक्षा निदेशक

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की गढ़वाल मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल प्रमेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनएसएस की गतिविधियों का संचालन पूर्ण निष्ठा और सेवाभाव के साथ किया जाए, ताकि इसका वास्तविक लाभ स्थानीय समुदाय तक पहुंच सके।


जनपद चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल के पांच तथा पौड़ी जिले के चार विकासखंडों के कार्यक्रम अधिकारियों की बैठक का शुभारंभ अपर शिक्षा निदेशक प्रमेन्द्र कुमार, एनएसएस गढ़वाल मंडल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी, चमोली के जिला संयोजक जगदीश लाल टम्टा और विद्यालय की प्रधानाचार्या मीना गैरोला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्वयंसेवी छात्राओं ने स्वागत गीत, एनएसएस लक्ष्यगीत एवं संकल्प गीत प्रस्तुत किए। बैठक में कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने वर्ष 2026-27 के लिए स्वयं सेवियों की संख्या आवंटन, नामांकन, माय भारत पोर्टल पर स्वयं सेवियों के पंजीकरण, बजट आवंटन तथा बी एवं सी प्रमाण-पत्र परीक्षाफल समेत विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या मीना गैरोला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में बौद्धिक क्षमता के विकास के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। एनएसएस के नियमित कार्यक्रमों एवं सात दिवसीय विशेष शिविरों के दौरान संचालित होने वाली गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अपर शिक्षा निदेशक प्रमेन्द्र कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को चरित्रवान एवं संस्कारवान बनाने के साथ ही समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कार्यक्रम अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक एनएसएस इकाई और उसके सेवित गांवों में योजनाबद्ध तरीके से गतिविधियां संचालित की जाएं, जिससे ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों को इनका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। जिला संयोजक जगदीश लाल टम्टा ने एनएसएस के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों की जानकारी दी। बैठक का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सरिता उनियाल ने किया। इस अवसर पर एनएसएस प्रकोष्ठ प्रभारी अक्षिता नेगी, वरिष्ठ सहायक रितिका चमोली, धीरेन्द्र सिंह, सुमन चंद्र सती, करन कुमार, मनीष कुमार, प्रवेन्द्र पंवार, विपुल चंदोला सहित गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों से आए 83 कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *