कोटद्वार-पौड़ी

नगर निगम श्रीनगर में रिक्त पदों को जल्द भरा जाएगा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-प्रशासक डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने ग्रहण किया चार्ज
-बोले, रिक्त पदों की रिपोर्ट जल्द शासन के समक्ष की जाएगी प्रस्तुत
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नवनिर्मित नगर निगम श्रीनगर का मंगलवार देर शाम प्रशासक/जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने विधिवत रूप से चार्ज ग्रहण किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की पहली समीक्षा बैठक लेते हुए स्थानीय निवासियों व जनप्रतिनिधियों की विभिन्न समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जाएंगे। प्रयास रहेगा कि आचार संहिता से पूर्व टेंडरिंग प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए। साथ ही नगर निगम में रिक्त पदों को भरने के लिए शासन को जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
काबीना मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नगर निगम श्रीनगर बनने से विकास कार्य तेजी से किए जाएंगे। सभी को दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर इसका स्वागत करना चाहिए। कहा कि क्षेत्रीय निवासियों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम में आगामी 10 वर्षों तक टेक्स नहीं लिया जाएगा और नगर निगम का बजट जल्द जारी किया जाएगा। वहीं प्रशासक डॉ. जोगदंडे ने कहा कि नगर निगम में साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल व्यवस्था दूरस्थ रखने, स्ट्रीट लाइट, आवारा पशुओं की समस्याओं से निजात, सीसी मार्ग, अतिक्रमण, नालियां, सीवर लाइन सहित अन्य समस्याओं पर मुख्य फोकस किया जाएगा। आस-पास के गांव जो नगर निगम में सम्मिलित हुए हैं वहां नहरें, सड़क, नालियां, साफ-सफाई सहित अन्य कार्यों पर फोकस किया जाएगा। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष ने प्रेस क्लब भवन की मांग भी उठाई। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गिरीश पैन्यूली, पूर्व नगर पालिक अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद टम्टा, उपजिलाधिकारी अजयबीर सिंह, ईओ नगर पालिका पौड़ी प्रदीप बिष्ट, सहित जितेंद्र सिंह, अनुग्रह मिश्र, विनीत पोस्ती, सुधीर जोशी और व्यापार मंडल के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!