जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला कोटद्वार की ओर से ‘काम मांगो अभियान-मजदूर के अधिकार की लड़ाई, मनरेगा बचाओ खुशहाली लाओ’ की शुरुआत की गई।

अभियान का शुभारंभ जयहरीखाल ब्लॉक के ग्राम जहरी एवं मठाली से किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने मनरेगा श्रमिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और रोजगार के अधिकारों के प्रति जागरूक किया। ब्लॉक कमेटी जयहरीखाल के संचालन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला संयोजक रूपेंद्र सिंह नेगी ने किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष संदेश नेगी, जिला कांग्रेस महामंत्री बिमल बिष्ट सहित संगठन के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अभियान के तहत ग्रामीणों और मनरेगा श्रमिकों को रोजगार की मांग दर्ज कराने की प्रक्रिया और उनके अधिकारों की जानकारी दी गई। इस दौरान श्रमिकों ने फॉर्म-6 भरकर रोजगार की मांग प्रस्तुत की। संगठन के पदाधिकारियों ने श्रमिकों से उनकी मजदूरी, रोजगार की उपलब्धता और मनरेगा के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। जिला संयोजक रूपेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि ‘काम मांगो अभियान’ का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर मनरेगा श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराना और पात्र परिवारों तक मनरेगा के अधिकारों की जानकारी पहुंचाना जरूरी है। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज और श्रम की गरिमा से जुड़े विचारों को याद करते हुए ग्रामीणों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि रोजगार की आवश्यकता होने पर श्रमिक नियमानुसार अपनी मांग दर्ज कराएं, ताकि उन्हें सरकारी योजना के तहत मिलने वाले अधिकारों का लाभ मिल सके। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला कोटद्वार ने बताया कि ‘काम मांगो अभियान’ को जिले के अन्य गांवों और क्षेत्रों तक भी पहुंचाया जाएगा। इसके माध्यम से मनरेगा श्रमिकों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।