जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कालागढ़ टाइगर रिजर्व प्रभाग के अंतर्गत वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग की टीम ने एआई कैमरों की मदद से खैर के पेड़ काटने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वन विभाग ने आरोपियों के कब्जे से अवैध कटान में प्रयुक्त औजार और दो कारतूस भी बरामद किया है।

दो अक्टूबर की रात सोनानदी रेंज की कालागढ़ पश्चिमी बीट के नलकट्टा कक्ष संख्या-7 में वन आरक्षी दिनेश सिंह गुसाईं के नेतृत्व में वनकर्मियों की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान कंजी सीमा के समीप पांच व्यक्ति खैर के हरे पेड़ का अवैध कटान करते हुए दिखाई दिए। वनकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय गुरमेस सिंह और अजय पुत्र गोविंद सिंह, निवासी मधैया, पोस्ट हरिपुरा हरसान, बाजपुर, ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपियों की पहचान विशाल पुत्र रेशम सिंह निवासी रामपुर काजी, कालेखेडा, बाजपुर, ऊधमसिंह नगर तथा अंगेज सिंह पुत्र हरनेक सिंह और सन्नी सिंह पुत्र पलविंदर सिंह उर्फ कलेक्टर निवासी खदरी, तहसील नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में की गई है। वन विभाग की टीम ने मौके से एक आरा, एक कुल्हाड़ी, 12 बोर के दो कारतूस और एक ऑल्टो कार (यूके 20 वी 6135) बरामद कर जब्त कर ली। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। कालागढ़ टाइगर रिजर्व प्रभाग के उप वन संरक्षक तरूण एस ने बताया कि वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन क्षेत्रों में एआई और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित कैमरों से निगरानी की जा रही है। इन कैमरों की मदद से अवैध पातन और वन क्षेत्रों में अनधिकृत प्रवेश करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने में मदद मिल रही है। सोनानदी रेंज में भी कैमरों की सहायता से अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि प्रभाग की कड़ी सीमाओं से लगे वन क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है और कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग ने अभियान में जुटे कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की है।