नईदिल्ली,अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला शांत होते नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को विपक्षी सांसदों ने एक बार फिर संसद परिसर में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया, जो नुक्कड़ नाटक जैसा था। बिहार से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू सिंह इस नाटक में मंदिर के पुजारी बने हुए थे, जो अपने साथ भगवान राम की तस्वीर औऱ दान पात्र रखे थे। नाटक में विपक्ष के नेता और अन्य सांसद भक्त बने थे।
संसद परिसर के बाहर हो रहे इस नाटक में सभी विपक्षी सांसद घेरा बनाकर खड़े हैं और उनके बीच साधु के वेश में सांसद पप्पू बैठे थे।
तभी राहुल गांधी भीड़ से निकलकर आते हैं और पप्पू सिंह को नमस्कार कर दान देते हैं। इसके बाद एक अन्य सांसद राहुल को पैसे देते हैं और दान पात्र में डालने को कहते हैं।
जब राहुल दान पात्र में पैसे डालते है, तो पप्पू सिंह इसे निकालकर जेब में रख लेते हैं।
विपक्षी सांसदों ने नाटक से यह दिखाने की कोशिश की कि राम मंदिर में कैसे भक्तों का चंदा हड़पा जा रहा है।
नाटक में अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद प्रमुख रूप से दिखाई दिए। सांसद चढ़ावा चोर गद्दी छोड़ के नारे लगा रहे थे।
सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह से पैलेट-गन मामले में संसद में आकर जवाब देने की मांग भी की।
गुरुवार को भी समाजवादी पार्टी के सांसदों ने चंदा चोरी पर प्रदर्शन किया था।