पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का दिया संदेश

Spread the love

जयहरीखाल महाविद्यालय में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल, पौड़ी गढ़वाल में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी एवं सहभागिता की भावना विकसित करना रहा। शपथ ग्रहण समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा अपने आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ. अजय रावत ने नमामि गंगे कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए स्वच्छ एवं निर्मल जल स्रोतों के संरक्षण के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से मनाया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्राध्यापकों ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दुर्गा रजक ने किया। इस अवसर पर डॉ. उमेश ध्यानी, डॉ. सत्यनन्दन भगत, डॉ. मानसी वत्स, डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. अभिषेक कुकरेती, डॉ. सुमन कुकरेती एवं डॉ. वसीम अहमद कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *