रुद्रप्रयाग। केदारनाथ जा रहे यात्रियों की कार तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप रविवार सुबह पांच बजे अनियंत्रित होकर 50 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे में पांच यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ की टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सभी यात्री केदारनाथ जा रहे थे। रविवार सुबह तिलवाड़ा के समीप वाहन अनियंत्रित होकर नदी किनारे जा गिरा। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे राहत एवं बचाव दल ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में सभीमा सिंह (28) निवासी पश्चिम बंगाल और सुजोन मुखर्जी (27) निवासी जलपाईगुड़ी के हाथ-पैर में फ्रैक्चर सहित अन्य चोटें आई हैं। वहीं प्रिंस सिंह (30) निवासी झारखंड, ऋजा मुखर्जी (30) निवासी जलपाईगुड़ी और चालक प्रदीप कुमार (35) निवासी औरैया, उत्तर प्रदेश को हल्की चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।