पौड़ी परिसर की उपेक्षा पर आक्रोशित एनएसयूआई करेगी आंदोलन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। बीजीआर पौड़ी परिसर की उपेक्षा पर आक्रोशित एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि गढ़वाल विवि प्रशासन पौड़ी परिसर के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। पौड़ी परिसर में छात्रों को मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव मोहित सिंह ने कहा कि पौड़ी परिसर के अधिकांश विभागों में नियमित शिक्षक नहीं हैं। इसके साथ ही प्रयोगशालाओं की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल विवि प्रशासन का पूरा ध्यान केवल बिड़ला परिसर श्रीनगर पर ही केंद्रित है। शिक्षकों की नियुक्ति से लेकर हर प्रकार की सुविधाएं केवल बिड़ला परिसर तक ही सीमित रहती हैं। विवि की कुलपति केवल एक बार ही पौड़ी परिसर पहुंची हैं। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि विवि की उपेक्षा के चलते पौड़ी परिसर बंदी के कगार पर है। शिक्षकों के न होने से यहां लगातार छात्र संख्या घट रही है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि जल्द ही विवि प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा।