केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए पालिका चलाएगी सिटी बस सेवा
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। पालिका प्रशासन केद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए बस सेवा शुरू करने जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन समिति व अभिभावको ने पालिकाध्यक्ष से सिटी बस संचालन की मांग की है। अभिभावको का कहना है कि स्कूल के स्थानांतरित होने के बाद बच्चों को आने-जाने में परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। वहीं पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बच्चों की संख्या पर समय, बस स्टॉप व रुट तय कर जल्द सिटी बस सेवा शुरु की जाएगी।
केंद्रीय विद्यालय पौड़ी कंडोलिया एसएसबी परिसर से नए विद्यालय भवन कोठार में शिफ्ट हो गया है। जिससे विद्यालय परिसर अब शहर से करीब 4 किमी. दूर हो गया है। केंद्रीय विद्यालय प्रशासन की ओर से बस सेवा का संचालन भी नहीं किया जाता है। जिसके बाद अब विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केवी के विद्यालय प्रबंधन समिति व अभिभावको ने पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम से स्कूल के समय रुट चार्ट बनाकर सिटी बस सेवा शुरु किए जाने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने बताया कि अभी तक 50 अभिभावको ने सिटी बस सेवा शुरु किए जाने को लेकर आवेदन किया है और जितने भी अभिभावक सिटी बस सेवा का लाभ लेना चाहते हैं, वे पालिका में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की संख्या के आधार पर समय, बस स्टॉप व रुट तय किया जाएगा। जिसको लेकर अभिभावको के साथ भी विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को यातायात सुविधा दिए जाने के साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। जरुरत पड़ी तो पालिका प्रशासन दो बसें भी संचालित करेगी। लेकिन आमजन के लिए भी तारतम्य के साथ सिटी बस सेवा का लाभ दिया जाएगा।