छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर की सफाई कर जैविक व अजैविक कूड़ेदान में एकत्र किया कचरा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत पब्लिक इंटर कॉलेज सुरखेत में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग: स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है।

अभियान का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं एनएसएस के गढ़वाल मंडल कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाकर किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता की आदत विकसित करना, स्वच्छता को जनांदोलन का रूप देना तथा स्वच्छता के प्रति व्यापक जनभागीदारी और नागरिक स्वामित्व को बढ़ावा देना है। अभियान के दूसरे दिन विद्यालय के यूथ एवं ईको क्लब, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा यूसर्क विज्ञान चेतना केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान वृक्ष वाटिका, उद्यान वाटिका, कक्षा-कक्षों, प्रयोगशाला, कार्यालय, पुस्तकालय, एमडीएम कक्ष एवं किचन तथा शौचालयों की साफ-सफाई की गई। विद्यार्थियों ने सफाई के दौरान एकत्रित कचरे को अलग-अलग करते हुए जैविक और अजैविक कूड़ेदानों में जमा किया। इस दौरान विद्यार्थियों को कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।