जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया मतगणना के बाद संपन्न हो गई। अध्यक्ष पद पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) और वंदे मातरम संगठन समर्थित मनीष नेगी ने जीत दर्ज की, जबकि सचिव पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के मानस विजयी रहे। चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।

महाविद्यालय में मंगलवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। पंजीकृत 2729 छात्र-छात्राओं में करीब एक हजार विद्यार्थियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर दो बजे मतदान संपन्न होने के बाद अपराह्न तीन बजे मतगणना शुरू हुई। शाम पांच बजे महाविद्यालय के प्राचार्य ने चुनाव परिणामों की घोषणा की। अध्यक्ष पद पर मनीष नेगी ने 448 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने एबीवीपी समर्थित अनिकेत डुगलचा को 19 मतों से पराजित किया। जय हो ग्रुप की स्वाती रियाल 106 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के क्षितिज अग्रवाल 432 मत प्राप्त कर विजयी हुए। उन्होंने एनएसयूआई और वंदे मातरम समर्थित प्रेरणा को 122 मतों से हराया। सचिव पद पर एबीवीपी के मानस को 444 मत मिले और उन्होंने जीत दर्ज की। आदित्य पटवाल 359 मतों के साथ दूसरे तथा शिवम 151 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। तीसरे प्रत्याशी नागेंद्र सिंह बिष्ट को 206 मत प्राप्त हुए। सह सचिव पद पर एबीवीपी की अंजलि ने 501 मत हासिल कर जीत दर्ज की। अंकित जदली को 244 और काजल को 167 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर भारतीय छात्र संगठन की मीनाक्षी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई और वंदे मातरम समर्थित प्रेरणा 474 मतों के साथ विजयी रहीं। उन्होंने एबीवीपी के उज्ज्वल गौड़ को महज दो मतों के अंतर से हराया। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने कॉलेज परिसर में उत्साह के साथ जश्न मनाया। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और जीत की खुशी में नारे लगाए।