90 किलो गांजा बरामदगी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को कोतवाली पुलिस ने मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी।


अपर उपनिरीक्षक प्रवेश कुमार ने बताया कि 12 मार्च 2026 को लैंसडौन क्षेत्र में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने दो वाहनों से करीब 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। मामले में पुलिस ने नशा सप्लाई से जुड़े लव कुमार, यशवंत सिंह नेगी, महिपाल सिंह, बिट्टू सैनी, राजेंद्र सिंह, जगत सिंह और स्वरूप नौटियाल को गिरफ्तार किया था। मामले की विवेचना के दौरान मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश निवासी आत्मप्रकाश की संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था। पुलिस को आरोपी के मुरादाबाद में होने की जानकारी मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सोमवार शाम उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी को कोटद्वार लेकर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी से गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *