जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोतवाली पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि 28 सितंबर को नजीबाबाद रोड निवासी गजपाल सिंह चौहान ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को उन्होंने अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद बाहर आने पर स्कूटी मौके से गायब मिली। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और स्कूटी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कौड़िया के समीप पुलिस टीम को एक युवक उक्त नंबर की स्कूटी चलाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अभिषेक निवासी कौड़िया बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभिषेक ने स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी की स्कूटी बरामद कर ली।