जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी) में अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

मंगलवार को कोटद्वार में यूटीईटी की परीक्षा के लिए पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना मिली कि महाविद्यालय के समीप स्थित एक परीक्षा केंद्र में अभ्यर्थी की जगह कोई अन्य युवक परीक्षा दे रहा है। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने परीक्षा केंद्र में परीक्षा दे रहे युवक से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम हिमांशु निवासी उत्तर प्रदेश बताया। उसने स्वीकार किया कि वह काशीरामपुर निवासी विकास कुमार के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने बताया कि उन्हें सोमवार को जानकारी मिली थी कि विकास कुमार का कुछ दिन पूर्व एक्सीडेंट हुआ था और उसके चेहरे पर चोट लगी है। इसके बावजूद परीक्षा केंद्र में उसकी जगह पहुंचे युवक के चेहरे पर चोट के कोई निशान नहीं थे। इसी आधार पर संदेह होने पर उन्होंने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि आरोपी हिमांशु के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।