जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तर प्रदेश के नजीबाबाद से कोटद्वार की ओर संदिग्ध मांस लेकर आ रहे एक व्यक्ति को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। इसके बाद कार्यकर्ता आरोपी, वाहन एवं मांस को बाजार पुलिस चौकी लेकर पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार सुबह की है। विहिप कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि नदीम अहमद नामक व्यक्ति अपने वाहन में संदिग्ध मांस लेकर कोटद्वार की ओर आ रहा है। सूचना पर कार्यकर्ता कौड़िया के पास पहुंचे और वाहन को रोककर तलाशी ली। इस दौरान एक थैले में मांस के टुकड़े बरामद हुए। इसके बाद कार्यकर्ता वाहन और चालक को लेकर बाजार चौकी पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान चौकी परिसर में कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन भी किया। विहिप नगर अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि क्षेत्र में नजीबाबाद से लगातार मांस की तस्करी की जा रही है, जिस पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मांस के नमूने परीक्षण के लिए भेजे जाने की बात कही है।