गिवईस्रोत व लोअर कालाबड़ क्षेत्र में पेयजल संकट

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी के बीच गिवईस्रोत और लोअर कालाबड़ क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पिछले कई दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित होने के कारण वार्डवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गिवईस्रोत डग के समीप स्थापित नलकूप पिछले दो दिनों से खराब पड़ा हुआ है, जिसके चलते क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है। स्थिति यह है कि लोग चिलचिलाती धूप में खाली बर्तन लेकर पानी की तलाश में इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और अकेले रहने वाले लोगों को हो रही है। स्थानीय निवासी राजन बिष्ट और राजकुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में हर वर्ष नलकूप खराब हो जाता है। उन्होंने बताया कि नलकूप में लगी पुरानी मोटर के कारण यह समस्या बार-बार उत्पन्न हो रही है, लेकिन कई बार शिकायत के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बाद भी न तो मोटर बदली गई और न ही कोई स्थायी व्यवस्था की गई है। हालांकि जल संस्थान की ओर से क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से पानी आपूर्ति की जा रही है, लेकिन वह भी पर्याप्त नहीं है। स्थानीय निवासियों ने जल्द से जल्द नलकूप की मरम्मत एवं स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में बढ़ती गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *