श्रीनगर गढ़वाल : कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बागवान स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। कोतवाली निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक बागवान स्थित पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था। देर रात की घटना में वह पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में पहले पंप से बाहर जाता हुआ दिखाई दिया। कुछ देर बाद वह दोबारा पेट्रोल पंप की ओर लौटा, लेकिन लौटने के बाद उसे अचानक खून की उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई। (एजेंसी)