असुविधाओं के कारण पर्यटकों को होती है परेशानी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : पर्यटन नगरी लैंसडौन पर्यटन के क्षेत्र में उभरता हुआ नाम है। इस गर्मी लगभग 60 हजार से अधिक पर्यटक लैंसडौन पहुंचे। पर्यटन नगरी में हर वर्ष पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन पर्यटन नगरी में असुविधाओं के कारण पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पार्किंग व्यवस्था और वीकेंड पर लगने वाले जाम की समस्या से छावनी की जनता और पर्यटकों को कब राहत मिलेगी। पर्यटकों को मुख्य पर्यटक स्थलों में पहुंचने के लिए माल रोड, टिप टॉप, कालेश्वर मंदिर आदि प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में पहुंचने के लिए जाम का सामना करना पड़ता है। गांधी चौक से आर्य मेंशन तक आड़े तिरछे खड़े वाहन जाम का कारण बन रहे हैं। वहीं वाहन स्वामियों ने अपने वाहन सरकारी पोस्ट ऑफिस के आगे खड़े कर रखे हैं। जिससे कर्मचारी के साथ आम जनता को भी पोस्ट ऑफिस जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पोस्ट ऑफिस के सामने खड़े वाहन जाम का मुख्य कारण बन रहे हैं। कांग्रेस नगर अध्यक्ष रोशन शाह ने कहा कि पार्किंग के ठेके में हर साल बढ़ोतरी हो रही, परंतु पार्किंग व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। जबकि पार्किंग का ठेका लाखों में है, तो फिर पार्किंग व्यवस्था में सुधार क्यों नहीं हो रहा है। छावनी अध्यक्ष ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी के सामने भी छावनी की जनता ने जनता दरबार में पार्किंग व्यवस्था में सुधार हेतु सुझाव दिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *