जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पुलिस क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने कहा कि कोतवाली में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ मित्रवत व्यवहार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे आमजन बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।

मंगलवार को क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाईं ने कोतवाली कोटद्वार का अद्र्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण कर कार्यालय में रखे राजकीय एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। इसके बाद मालखाना, बैरक, मैस, सीसीटीएनएस कक्ष और सीसीटीवी प्रणाली का निरीक्षण किया। मालखाने में रखी सरकारी संपत्ति, शस्त्रों और कारतूसों का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही पुलिस कर्मियों से शस्त्रों की हैंडलिंग का अभ्यास करवाकर उनकी तैयारियों को परखा गया। क्षेत्राधिकारी ने आपदा प्रबंधन उपकरणों की स्थिति की जांच करते हुए उन्हें सदैव कार्यशील अवस्था में रखने के निर्देश दिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके। निरीक्षण के बाद क्षेत्राधिकारी ने पुलिस कार्मिकों का सम्मेलन लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी अपने-अपने बीट क्षेत्रों की समुचित जानकारी रखें और आमजन के साथ मृदु एवं शालीन व्यवहार बनाए रखें। जन-पुलिस समन्वय को मजबूत बनाने के लिए भी गंभीरता से प्रयास किए जाएं। उन्होंने साइबर अपराधों, महिला संबंधी अपराधों और अन्य महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों से जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और फरियादियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आमजन का पुलिस पर विश्वास बढ़े और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।